गणतंत्र दिवस 2025 के मौके पर पुलिस, अग्निशमन, होम गार्ड और नागरिक सुरक्षा और सुधार सेवाओं के 942 कर्मियों को वीरता/सेवा पदक (Gallantry Award) से सम्मानित किया गया है. इसमें 95 जवानों को वीरता पदक, 101 को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक, 746 को सराहनीय सेवा के लिए पदक दिया गया.
95 वीरता पुरस्कारों में से अधिकतर नक्सली प्रभावति क्षेत्र में तैनात जवानों को दिया गया. इसमें 28 जवान नक्सली क्षेत्र के, 28 जम्मू और कश्मीर क्षेत्र के, उत्तर-पूर्व के 03 जवान और अन्य क्षेत्रों के 36 जवानों को वीरतापूर्ण कार्यों के लिए सम्मानित किया जा रहा है. इसमें 78 पुलिसकर्मी और 17 अग्निशमन सेवा से कर्मचारी हैं.
विशिष्ट सेवा (President’s Medal for Distinguished Service) के लिए 101 राष्ट्रपति पदक (पीएसएम) में से 85 पुलिस सेवा को, 05 अग्निशमन सेवा को, 07 नागरिक सुरक्षा-होम गार्ड को और 04 सुधार सेवा (Reforms Department) को प्रदान किए गए हैं. सराहनीय सेवा के लिए 746 पदक (एमएसएम) में से 634 पुलिस सेवा को, 37 अग्निशमन सेवा को, 39 नागरिक सुरक्षा-होम गार्ड को और 36 सुधार सेवा को प्रदान किए गए हैं.
वीरता पुरस्कार (Gallantry Award) की राज्य दर आंकड़ों पर नजर डालें तो छत्तीसगढ़ के 11, ओडिशा के 6, उत्तर प्रदेश के 17, जम्मू कश्मीर के 15 पुलिस जवानों को यह अवॉर्ड दिया गया. वहीं असम राइफल्स के एक, बीएसएफ के 5, सीआरपीएफ के 19, एसएसबी के 4 जवानों को गैलेंट्री अवार्ड दिया गया. इसके अलावा उत्तर प्रदेश फायर विभाग के 16 और जम्मू-कश्मीर के एक फायर विभाग के जवान को यह अवॉर्ड दिया गया.
(ये स्टोरी अपडेट की जा रही है…)



