बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पहली बार उत्तर प्रदेश के दौरे पर पहुंच रहे हैं. 3-4 जुलाई को नितिन नबीन लखनऊ के दौरे पर रहेंगे. नितिन नबीन जब से बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं, उसके बाद पहली बार आधिकारिक तौर पर उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे. हालाँकि इससे पहले वो एक बार मथुरा-वृंदावन का दौरा ज़रूर कर चुके हैं, लेकिन वह यह व्यक्तिगत कार्यक्रम था.
नितिन नबीन बिहार सरकार में मंत्री रहे और अब बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. 5 बार के विधायक रहने के नाते नितिन नबीन का ज़मीनी अनुभव बहुत विशाल है. बिहार, यूपी का पड़ोसी राज्य है, दोनों ही राज्यों की संस्कृति और राजनीति आपस में मेल खाती हैं. जिस जातीय समीकरण के ताने बाने पर बिहार की राजनीति आगे बढ़ती है, उसी जातीय समीकरण का संपूर्ण विस्तार उत्तर प्रदेश की राजनीति में नज़र आता है. ऐसे में मूल रूप से बिहार से होने के नाते नितिन नबीन के अनुभव का फ़ायदा उत्तर प्रदेश में बीजेपी को मिल सकता है.
लखनऊ में कई कार्यक्रम में लेंगे हिस्सा
नितिन नबीन जब लखनऊ पहुंचेंगे तो कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. कुछ बूथ अध्यक्षों के साथ भी वार्ता करेंगे. यूपी बीजेपी की नयी टीम के साथ भी चुनावी मंत्रणा करेंगे. यूपी बीजेपी की कोर ग्रुप के साथ भी बैठक करेंगे. यूपी बीजेपी के कोर ग्रुप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, संगठन महामंत्री धर्मपाल, यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी भी शामिल हैं. यह कहा जा सकता है कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी जुलाई से आधिकारिक तौर पर चुनावी अभियान की शुरूआत कर देगी. नितिन नबीन यूपी विधानसभा चुनाव की रणनीति और चुनावी कार्यक्रम पर चर्चा करेंगे.
बीजेपी चुनावी अभियानों में जुटेंगे नितिन नबीन
यूपी बीजेपी के चुनावी अभियानों की समीक्षा करेंगे. इसके अलावा उत्तर प्रदेश बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात करेंगे. इस बात की भी संभावना है कि नितिन नबीन यूपी बीजेपी कोर ग्रुप के नेताओं के साथ अलग अलग मुलाकात भी कर सकते हैं. सूत्र यह भी दावा कर रहे हैं कि यूपी बीजेपी की कोर ग्रुप की बैठक में संघ के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे.
सूत्रों से यह भी पता चल रहा है कि यूपी में चुनाव की दृष्टि से चुनाव घोषित होने से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैलियों पर भी चर्चा हो सकती है. यही नहीं बीजेपी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के यूपी दौरे पर की रूपरेखा भी इसी दौरे के दौरान तय हो जाएगी.
ये भी पढ़ें : ‘मैं ये कहकर चंपत राय का बचाव नहीं कर रहा…’, राम मंदिर चंदा चोरी पर VHP का विस्फोटक जवाब
बीएल संतोष संगठन के कई कामकाज की समीक्षा कर सकते हैं
नितिन नबीन के साथ बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी लखनऊ जाएंगे. बीएल संतोष का नितिन नबीन के साथ लखनऊ पहुंचना, कई सियासी सवालों का जवाब देता है. बीएल संतोष संगठन के कामकाज की समीक्षा कर सकते हैं. दोनों ही नेताओं का साथ पहुँचने का निहितार्थ यह भी है कि संघ और पार्टी दोनों एक पेज पर हैं. इसी संदेश को लेकर शायद बीएल संतोष और नितिन नबीन एक साथ यूपी दौरे पर जा रहे हैं.
यह भी पता चल रहा है कि नितिन नबीन और बीएल संतोष इस दौरे के दौरान ही यूपी बीजेपी के नए पदाधिकारियों को अलग अलग अभियानों का जिम्मा भी सौंप सकते हैं. सबसे महत्वपूर्ण रोल मीडिया, प्रचार और ब्रांडिंग का होगा. इसके अलावा चुनावी सर्वे, चुनावी मैनेजमेंट, चुनावी वॉर रूम, आईटी सेल और रैली संयोजक जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों पर इसी दौरे के दौरान चर्चा संभावित बताई जा रही है.
3-4 जुलाई को नितिन नबीन और बीएल संतोष के इस दौरे में ही विधानसभा प्रत्याशियों के लिए पैनल का प्रारूप भी तय किए जाने की संभावना है. यानि प्रत्याशी चयन में कितने लेयर होंगे और ज़िले से लेकर क्षेत्र, प्रदेश चुनाव समिति से लेकर केन्द्रीय चुनाव समिति तक टिकट बंटवारे के पैनल का आधार क्या होगा, यह इस बैठक में तय कर लिया जाएगा. इसीलिए नितिन नबीन और बीएल संतोष का एक साथ उत्तर प्रदेश दौरा करना महत्वपूर्ण है. इसे उत्तर प्रदेश में बीजेपी का चुनावी आग़ाज़ माना जा रहा है.
यह भी पढ़ेंः जब सुबह तड़के डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि PM मोदी को लगाओ फोन, बोले – ‘वो उठ गए होंगे…’



