Mahakumbh 2025: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ 2025 बीते दिन सोमवार (13 जनवरी, 2025) से शुरू हुआ. इसमें करोड़ों लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं, वहीं महाकुंभ पर प्रचंड ठंड का कहर भी देखने को मिला है. शाही स्नान के बाद तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 3 हजार ज्यादा लोग बीमार पड़ गए हैं.
महाराष्ट्र के शोलापुर के पूर्व मेयर 62 साल के महेश कोठे की मौत हो गई. वो अपने मित्रों के साथ संगम स्नान के लिए प्रयागराज आए थे. तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर उप केंद्रीय अस्पताल झूंसी ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
इसके साथ ही कोटा राजस्थान के एक अन्य व्यक्ति सुदर्शन सिंह पंवार की भी मौत हो गई. सुदर्शन सिंह भी अपने दोस्तों के साथ महाकुंभ में स्नान के लिए आए थे. स्नान के बाद तबीयत बिगड़ने पर मित्र उन्हें उप केंद्रीय अस्पताल झूंसी ले गए थे. कार्डियक अरेस्ट होने की वजह से मौत की आशंका जताई जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत की सही वजह का खुलासा हो सकेगा. इसके अलावा 85 साल के अर्जुन गिरी को हार्ट अटैक आने के बाद अस्पताल ले जाया जा रहा था, उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया.



