Salman Khan Gym Fire Incident: सुपरस्टार सलमान खान के जिम में आग लगने से हड़कंप मच गया है। मामला राजधानी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश से सामने आया है। यहां स्थित अभिनेता सलमान खान ब्रांड के ‘फ्रैंचाइजी’ जिम में आग लगने के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया। स्थानीय लोगों ने वहां मौजूद लोगों ने सूझबूझ से काम लेते हुए सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि ग्रेटर कैलाश के एम ब्लॉक मार्केट में एक इमारत की पहली मंजिल पर स्थित ‘सलमान खान जिम’ में ये आग लगी। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह से शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ‘सलमान खान जिम’ में आग सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड सर्विस को तुरंत ही जानकारी दी गई। पूरा मामला गुरुवार रात करीब 10:15 बजे का है। दमकलकर्मियों के पहुंचने से पहले स्थानीय पुलिसकर्मियों ने जिम में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस ने बताया कि दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है और कोई बड़ा नुकसान भी नहीं हुआ है। घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया गया है और स्थिति सामान्य है। पुलिस ने बताया कि जिम का स्वामित्व सलमान खान के पास नहीं है, बल्कि यह उनके जिम ब्रांड की ‘फ्रैंचाइजी’ है। आग लगने का कारण प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है और यह मामूली आग थी।



