Puri Rath Yatra: दोनों तरफ खचाखच भीड़, बीच में भागती एंबुलेंस… पुरी रथ यात्रा में ऐसे बचाई गई लोगों की जान- Video

Puri Rath Yatra: दोनों तरफ खचाखच भीड़, बीच में भागती एंबुलेंस… पुरी रथ यात्रा में ऐसे बचाई गई लोगों की जान- Video


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

  • पुरी रथ यात्रा में भगदड़ से दो श्रद्धालुओं की मौत हुई।
  • लाखों श्रद्धालुओं ने आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ता बनाया।
  • पुलिस ने भारी भीड़ से 33 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचाया।

ओडिशा के पुरी में गुरुवार (16 जुलाई, 2026) को विश्व विख्यात जगन्नाथ रथ यात्रा में लाखों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ के बीच भगदड़ हो जाने की वजह से दो लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में एक महिला श्रद्धालु शामिल है, जिनकी भीड़ में दम घुटने से मौत हो गई. वहीं, दूसरे शख्स की रथ यात्रा के दौरान दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई. इसके अलावा, 100 से ज्यादा लोग भगदड़ की वजह से बेहोश भी हो गए.

हालांकि, इस बेहद पवित्र रथयात्रा के दौरान जब लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं की अत्यंत जरूरत पड़ी, तो ऐसे समय में मौजूद लाखों श्रद्धालुओं ने एकजुटता और समझदारी की उदाहरण देते हुए भीड़ के बीच से एंबुलेंस और आपातकालीन सेवा में जुटे लोगों के जाने के लिए जगह बनाई.

लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ ने दिखाई सद्भावना 

दरअसल, पुरी के जगन्नाथ मंदिर के सिंहद्वार की ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी, इस दौरान इमरजेंसी सेवा में जुटी टीम को कई घायल लोगों को स्ट्रेचर पर उठाकर भीड़ के बीच से सुरक्षित स्थान पर लेकर जाना पड़ा. इसके अलावा, जब यात्रा के दौरान एक श्रद्धालु बेहोश हो गया, तब उस श्रद्धालु को लेकर जाने वाले एंबुलेंस को भीड़ से निकालने के लिए श्रद्धालुओं ने बीच से रास्ता बनाया.

भीड़ में अस्वस्थ लोगों की मदद करते नजर आए सुरक्षाकर्मी

न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान मौजूद सुरक्षाकर्मी घायल और अस्वस्थ श्रद्धालुओं को चिकित्सीय सहायता देने के लिए उन्हें भीड़ से अलग ले जा रहे हैं. मंदिर परिसर में कई श्रद्धालुओं को इमरजेंसी सेवा टीम के लोगों ने अपने हाथों में स्ट्रेचरों को उठाकर भीड़ के बीच से निकालकर इलाज के लिए मेडिकल टीम के पास पहुंचाया.

ओडिशा पुलिस ने रथयात्रा के दौरान घायलों की दी जानकारी

इस बीच, ओडिशा पुलिस ने अपने आधिकारिक X सोशल मीडिया हैंडल के जरिए पोस्ट शेयर कर जानकारी दी कि ओडिशा के फायर और इमरजेंसी सर्विसेज के स्पेशल रेस्क्यू यूनिट (SRU) ने गुरुवार (16 जुलाई, 2026) को पुरी जगन्नाथ मंदिर के परिसर से रथयात्रा के दौरान भारी भीड़ के बीच फंसे 33 श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाल लिया है. बचाए गए श्रद्धालुओं को तुरंत मेडिकल हेल्प और ऑक्सीजन के जरिए मदद दी गई और फिर उन्हें जरूरत पड़ने पर अस्पतालों में भी भर्ती किया गया. 

यह भी पढ़ेंः पुरी रथ यात्रा में उमड़ी भारी भीड़ के चलते भगदड़ जैसी स्थिति, 1 की मौत कई घायल, जानें ताजा हालात