NEET Controversy: NEET परीक्षा विवाद को लेकर विपक्ष के प्रदर्शन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के बीच सरकार की ओर से बड़ा जवाब सामने आया है. सरकारी सूत्रों का कहना है कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पूरी तरह राजनीतिक है. सूत्रों के मुताबिक, NEET पेपर लीक मामले में सरकार ने कार्रवाई की है, 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और सरकार इस पूरे मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए भी तैयार है. वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहले ही पेपर लीक को ‘घोर पाप’ बता चुके हैं.
सरकारी सूत्र बोले- इस्तीफे की मांग राजनीतिक
सरकारी सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुरुआत में ही पेपर लीक मामले की जिम्मेदारी स्वीकार की थी . इसके बाद सरकार ने मामले की जांच कराई और पेपर लीक के कारणों को दूर करने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम भी उठाए . सूत्रों का कहना है कि ऐसे में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग राजनीतिक उद्देश्य से की जा रही है .
13 गिरफ्तार, कार्रवाई जारी
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, NEET पेपर लीक मामले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है . मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है . सूत्रों का कहना है कि सरकार परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए भी कदम उठा रही है .
ये भी पढ़ें- कांग्रेस सांसदों को भी नहीं पता था राहुल गांधी के धरने का ‘सीक्रेट प्लान’! अब हुआ बड़ा खुलासा
संसद में चर्चा को तैयार सरकार
सरकारी सूत्रों ने कहा कि केंद्र सरकार NEET और परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों पर संसद में चर्चा करने के लिए पूरी तरह तैयार है . उन्होंने यह भी याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही सार्वजनिक रूप से पेपर लीक को “घोर पाप” बता चुके हैं और सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है .



