Kangana Ranaut On Sourav Das: बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत का Gen Z और CJP के खिलाफ आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। Gen Z पर गटर वाली टिप्पणी को लेकर कंगना फिलहाल काफी विवादों में हैं। इले लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) प्रवक्ता सौरव दास ने उन्हें करारा जवाब दिया। वहीं अब कंगना रनौत ने सौरव दास पर जबरदस्त पलटवार किया है।

कंगना रनौत ने एक बार फिर से सौरव दास पर निशाना साधा है। कंगना रनौत ने अपनी लेटेस्ट इंस्टाग्राम स्टोरी में सौरव दास को ‘यूजलेस और बेरोजगार’ कहा। साथ ही कहा कि उनकी उम्र में वह 2 नेशनल अवॉर्ड जीत चुकी थीं।
कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर सौरव दास के ‘एएनआई’ को दिए इंटरव्यू का क्लिप शेयर किया और उनकी जमकर आलोचना की है। कंगना रनौत ने सौरव दास के स्टूडेंट होने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने अपनी उपलब्धियों की तुलना सौरव दास के करियर के अहम पड़ावों से की और उन्हें ‘बेकार’ कहा।
कंगना ने लिखा, ‘मैंने इस व्यक्ति को गूगल पर सर्च किया और पता चला कि वह 28 साल का है, वह खुद को छात्र कैसे बताता है, यह मेरी समझ से परे है। हां, मैं पिछले 2 सालों से राजनीति में हूं, लेकिन पिछले 20 सालों से पब्लिक लाइफ में हूं। उनकी उम्र में मेरे पास 2 नेशनल अवॉर्ड थे। हां, एक नए सांसद के तौर पर मैं काम के बोझ से दबा हुआ महसूस कर रहा थी क्योंकि मैं एक फिल्ममेकर, परफॉर्मिंग आर्टिस्ट, प्रोड्यूसर, स्क्रीनराइटर और एंटरप्रेन्योर भी हूं।’
कंगना ने आगे कहा कि लेकिन सौरव दास जैसे लोग सफल होने और डिमांड में बने रहने की चुनौतियों को नहीं समझ सकते। उन्होंने लिखा, ‘लेकिन उनके जैसा कोई व्यक्ति जो पूरी तरह से बेकार और बेरोजगार है, वह कभी नहीं समझ पाएगा कि हर उम्र में और हर समय भारी डिमांड में रहने का क्या मतलब होता है। डियर सौरव, आपकी समस्याएं व्यक्तिगत हैं। आप कोई छात्र नहीं हैं, आप बस बेकार हैं। चलिए, कोई हुनर सीखने से शुरुआत करते हैं। यह शुरुआत करने के लिए एक अच्छी जगह है।’
जानकारी के लिए आपको बता दें कि कंगना ने जब हाल ही Gen Z के खिलाफ विवादित टिप्पणी की और युवा पीढ़ी को ‘गटर’ बताते हुए उन पर ड्रग्स लेने, शराब पीने और कई लोगों संग शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया, तो सौरव दास ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने ‘एएनआई’ से कहा था कि कंगना रनौत को खुद उनकी ही पार्टी के लोग ज्यादा गंभीरता से नहीं लेते, तो Gen Z या युवा पीढ़ी क्यों गंभीरता से लेगी। इसी पर अब कंगना ने पलटवार किया है।




