Dulquer Salmaan to attend IFFM 2026 this August; will be honoured

Dulquer Salmaan to attend IFFM 2026 this August; will be honoured


Dulquer Salmaan IFFM 2026: भारत के बाहर भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा वार्षिक उत्सव इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (IFFM) अपने 2026 संस्करण में मशहूर अभिनेता दुलकर सलमान को भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित और प्रभावशाली समकालीन सितारों में से एक के रूप में सम्मानित करेगा।

Dulquer Salmaan

मलयालम, तमिल, तेलुगु और हिंदी फिल्मों में अपने शानदार अभिनय से अलग पहचान बनाने वाले दुलकर इस साल फेस्टिवल में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में शामिल होंगे। यह प्रतिष्ठित फिल्म महोत्सव 13 से 23 अगस्त 2026 तक आयोजित होगा, जिसे विक्टोरियन सरकार का सहयोग प्राप्त है।

पिछले एक दशक में दुलकर सलमान ने भारतीय सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने मलयालम, तमिल, तेलुगु और हिंदी फिल्मों में दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है। समीक्षकों द्वारा सराही गई फिल्मों से लेकर सुपरहिट फिल्मों तक, दुलकर ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा, सहज अभिनय और अलग तरह की कहानियों के चुनाव से खुद को एक आधुनिक सुपरस्टार के रूप में स्थापित किया है। भाषा और क्षेत्र की सीमाओं से परे जाकर उन्होंने देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में अपनी खास पहचान बनाई है। फेस्टिवल के दौरान प्रशंसकों को भी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से दुलकर से मिलने और उनके सिनेमा सफर को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

IFFM की फेस्टिवल डायरेक्टर मितु भौमिक लैंग AM ने कहा, “दुलकर सलमान समकालीन भारतीय सिनेमा के बेहतरीन कलाकारों में से एक हैं। उन्होंने बेहद सहजता से अलग-अलग भाषाओं, फिल्म इंडस्ट्री और शैलियों में काम करते हुए हमेशा सार्थक कहानियों को प्राथमिकता दी है। उनकी शानदार अभिनय क्षमता, विनम्र स्वभाव और दुनिया भर के दर्शकों से जुड़ने की कला ने उन्हें अपनी पीढ़ी के सबसे खास कलाकारों में शामिल कर दिया है। हमें बेहद खुशी है कि हम मेलबर्न में उनका स्वागत कर रहे हैं और भारतीय सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान का सम्मान करेंगे।”

दुलकर सलमान ने कहा, “इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न से यह सम्मान मिलना मेरे लिए बेहद गर्व की बात है। यह फेस्टिवल हमेशा भारतीय सिनेमा की विविधता और उत्कृष्टता को वैश्विक मंच पर पेश करता आया है। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि अच्छी कहानियां भाषा और सीमाओं से कहीं आगे तक जाती हैं। दुनिया भर के दर्शकों से हमारी फिल्मों को इतना प्यार मिलना बेहद खुशी की बात है। मैं मेलबर्न आने, साथी कलाकारों के साथ सिनेमा का जश्न मनाने और उन दर्शकों से मिलने के लिए उत्साहित हूं जिन्होंने वर्षों से मेरे सफर में मेरा साथ दिया है।”

इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न आज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण मंचों में से एक है, जो भारतीय सिनेमा की समृद्धि और विविधता को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करता है। यह महोत्सव दुनिया भर के फिल्म निर्माताओं, कलाकारों और दर्शकों को एक साथ लाने के साथ-साथ भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सांस्कृतिक संबंधों को भी और मज़बूत करता है।