Shashank Singh FIR: पंजाब किंग्स के धमाकेदार बल्लेबाज शशांक सिंह इस वक्त मुश्किल में हैं क्योंकि उनके और उनके पिता पर एफआईआर दर्ज हुई है। इसके अलावा इस केस में उनका ड्राइवर भी शामिल है।

आरोप है इन तीनों ने मिलकर घर के रसोइए के साथ मारपीट की है और उसको गैरकानूनी तरीके से बंधक बनाकर रखा है। भोपाल पुलिस ने इस मामले को काफी गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज किया है। आरोप है कि पीड़ित रसोइए ने कुछ दिनों पहले ही काम करना शुरु किया था और इसी बीच उसके साथ गाली गलौज और गलत बर्ताव किया गया था।
हालांकि ये मामला क्यों पेश आया इसको लेकर किसी तरह की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। खबरें हैं कि शशांक सिंह और उनके पिता के खिलाफ 31 साल के विपेंद्र सिंह तोमर ने शिकायत दर्ज करवाई है। भोपाल के रतिबाद पुलिस स्टेशन में मामला है।
कौन हैं शशांक सिंह के पिता?
शशांक सिंह किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं लेकिन उनके पिता शैलेश सिंह भी कोई आम आदमी नहीं है। बता दें कि शैलेश सिंह एक रिटायर्ड आईपीएस ऑफिसर हैं और उनकी कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर मौजूद हैं। शशांक सिंह के साथ वर्दी में उनके पिता की तस्वीरें इंटरनेट पर छाई रहती हैं। लेकिन इस मामले के सामने आने के बाद देखने वाली बात होगा कि पुलिस किस तरह से सच्चाई का पता लगाती है। आरोपों और दावों में कितनी सच्चाई है ये काफी जल्दी सामने आने वाला है। फिलहाल शशांक सिंह और उनके पिता की मुश्किलें बढ़ी हैं।
पंजाब के लिए खेलते हैं शशांक
शशांक सिंह आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए खेलते हैं और मिडिल ऑर्डर के धमाकेदार बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी से कई मैच जितवाए हैं। फिलहाल वो कानूनी पचड़े में फंसे हैं। हालांकि शशांक सिंह की तरफ से इस मामले में अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है।



