Alia- Bobby in Alpha: आलिया भट्ट भी बॉलीवुड में चल रहे बॉबी देओल युग की बड़ी प्रशंसक हैं। लंबे अंतराल के बाद फिल्मों में वापसी करने वाले बॉबी देओल लगातार एक के बाद एक दमदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत रहे हैं।

‘एनिमल’ में उनके खतरनाक विलेन अवतार ने पूरे देश को हैरान कर दिया था और अब वह यश राज फिल्म्स की रोमांचक पॉपकॉर्न एंटरटेनर ‘ऐल्फा’ में अपने दमदार एंटी-हीरो किरदार से एक बार फिर सुर्खियां बटोर रहे हैं। फिल्म में आलिया भट्ट उनके सामने डटकर खड़ी नजर आएंगी।
बॉबी देओल के बारे में बात करते हुए आलिया कहती हैं, “मैं बॉबी देओल को ‘जेंटल जायंट’ कहती हूं क्योंकि स्क्रीन पर उनकी मौजूदगी बेहद प्रभावशाली है, लेकिन असल जिंदगी में उनका स्वभाव बेहद शांत और विनम्र है। जब हम साथ में सीन कर रहे थे, तब मुझे एहसास हुआ कि वह कुछ ऐसा कर जाते हैं जो बेहद शानदार होता है, लेकिन उन्हें खुद भी इसका अंदाजा नहीं होता। वह इतने अच्छे अभिनेता हैं। ऐसा कभी नहीं लगा कि वह अभिनय करने की कोशिश कर रहे हैं। वह पूरी तरह नैसर्गिक हैं।”
आलिया आगे कहती हैं, “डायरेक्टर अक्सर उनके पास जाकर कहते थे, ‘बॉबी सर, क्या शानदार शॉट था!’ और वह जवाब देते थे, ‘मुझे नहीं पता मैंने क्या किया।’ तब शिव कहते थे, ‘नहीं सर, यह कमाल था।’ और बॉबी सर का जवाब होता था, ‘अच्छा? मुझे तो नहीं पता मैंने क्या किया। ठीक है, क्या एक और टेक चाहिए?’ वह ऐसा इसलिए कहते थे क्योंकि उन्हें खुद नहीं पता होता था कि उन्होंने वही चीज कैसे की। उनकी यही खूबी उन्हें खास बनाती है। वह पूरी तरह उस पल में जीते हैं।”
आलिया का कहना है कि बॉबी देओल के साथ काम करना उनके लिए बेहद रचनात्मक और प्रेरणादायक अनुभव रहा। फिल्म में बॉबी उनके मेंटर की भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन कहानी में एक ऐसा मोड़ आता है जब आलिया को अपने ही गुरु का सामना करना पड़ता है। यही संघर्ष ‘ऐल्फा’ को और भी रोमांचक बनाता है।
आलिया कहती हैं, “उनके साथ काम करके मुझे बहुत मजा आया क्योंकि इतने वर्षों के अनुभव के बाद भी वह आज भी सिनेमा के स्कूल के एक विद्यार्थी की तरह हैं। मैं भी खुद को ऐसा ही मानती हूं-एक ऐसी छात्रा जो सेट पर आकर काम करने के अवसर के लिए खुश और आभारी रहती है। और क्या हम सभी इस नए बॉबी देओल का भरपूर आनंद नहीं ले रहे हैं? वह लगातार एक से बढ़कर एक प्रदर्शन दे रहे हैं। मैंने सुना है कि वह ‘बंदर’ में भी शानदार हैं और मुझे वह फिल्म जल्द देखनी है। ‘एनिमल’ में वह बेहतरीन थे। ‘बैड्स’ में भी उन्होंने शानदार काम किया। और मुझे लगता है कि ‘ऐल्फा’ में उन्होंने कुछ बेहद खास किया है।”
शिव रवैल के निर्देशन में बनी ‘ऐल्फा’ 3 जुलाई 2026 से दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में शर्वरी और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।



