BJP छोड़ने के बाद अन्नामलाई तमिलनाडु में दिखाएंगे ताकत! ‘वी द लीडर्स’ की पहली मेगा कॉन्फ्रेंस, क्या है प्लान?

BJP छोड़ने के बाद अन्नामलाई तमिलनाडु में दिखाएंगे ताकत! ‘वी द लीडर्स’ की पहली मेगा कॉन्फ्रेंस, क्या है प्लान?


तमिलनाडु BJP के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई रविवार (12 जुलाई 2026) को कोयंबटूर पहुंचे. वह अपने नए राजनीतिक संगठन वी द लीडर्स की पहली बड़ी कॉन्फ्रेंस को संबोधित करने के लिए यहां आए हैं. यह कार्यक्रम ड्रग-फ्री तमिलनाडु अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है. ड्रग-फ्री पोलाची अवेयरनेस कॉन्फ्रेंस नाम से आयोजित यह कार्यक्रम आज (12 जुलाई) को पोलाची में होने वाला है. अन्नामलाई की तरफ से बीजेपी छोड़ने के बाद शुरू किए गए संगठन वी द लीडर्स का यह पहला बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम है. इस वजह से तमिलनाडु की राजनीति में इसको महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

कार्यक्रम से पहले अन्नामलाई के संगठन के समर्थक और तमिलनाडु BJP के पूर्व राज्य सचिव अमर प्रसाद रेड्डी ने कहा कि यह सम्मेलन पूरी तरह अलग तरीके से आयोजित किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए किसी को औपचारिक निमंत्रण नहीं भेजा गया है और न ही किसी तरह के VIP या VVIP पास की व्यवस्था की गई है. अमर प्रसाद रेड्डी ने कहा कि उन्होंने BJP में रहते हुए कई बड़े कार्यक्रम आयोजित किए हैं, लेकिन यह कार्यक्रम उन सभी से अलग है. उन्होंने बताया कि किसी को व्यक्तिगत रूप से फोन करके बुलाया नहीं गया है, जो लोग अन्नामलाई की बात सुनना चाहते हैं, वे अपनी मर्जी से कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं.

ये भी पढ़ें:  25 साल पहले सऊदी में लिए थे 25 हजार रुपये, गूगल से घर ढूंढकर लौटाए… केरल के इस शख्स ने जीता सबका दिल

BJP के पूर्व राज्य सचिव अमर प्रसाद रेड्डी का बयान

BJP के पूर्व राज्य सचिव अमर प्रसाद रेड्डी ने भी कहा कि अन्नामलाई ने अपनी कोर कमेटी के सदस्यों सहित किसी भी व्यक्ति को विशेष रूप से आमंत्रित नहीं किया है. हर व्यक्ति अपनी इच्छा से कार्यक्रम में पहुंच रहा है, जो इस सम्मेलन की सबसे बड़ी खासियत है. इस सम्मेलन की तैयारियां पिछले सप्ताह ही शुरू हो गई थीं. पोलाची-कोयंबटूर रोड पर स्थित कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक भूमि पूजन समारोह आयोजित किया गया था. इस समारोह में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया था.

कार्यक्रम के दौरान शुभ मुहूर्त में नींव का खंभा स्थापित किया गया, जिसे स्थानीय परंपरा में मुहूर्त काल कहा जाता है. सम्मेलन में नशे और ड्रग्स के बढ़ते इस्तेमाल के खिलाफ जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया जाएगा. इसके साथ ही वी द लीडर्स संगठन अपने भविष्य के राजनीतिक एजेंडे और तमिलनाडु के लिए अपनी योजनाओं की भी रूपरेखा पेश कर सकता है.

अन्नामलाई ने BJP की सदस्यता छोड़ने की घोषणा की थी

इसी साल 5 जून को पूर्व IPS अधिकारी और नेता के अन्नामलाई ने BJP की सदस्यता छोड़ने की घोषणा की थी. उन्होंने बताया था कि उनका नया राजनीतिक संगठन आने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेगा. अन्नामलाई के BJP छोड़ने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता और तमिलनाडु BJP के उपाध्यक्ष कारू नागराजन ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था. बाद में वह अन्नामलाई के नए संगठन वी द लीडर्स में शामिल हो गए. यह पहली कॉन्फ्रेंस अन्नामलाई के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है. इस कार्यक्रम के जरिए वह अपने नए संगठन की सोच, दिशा और राजनीतिक रणनीति को जनता के सामने रखने वाले हैं. इसलिए इस सम्मेलन को उनके राजनीतिक सफर के नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है.

ये भी पढ़ें: ‘उनकी धुनें भविष्य में भी…’, PM मोदी ने दिग्गज गायिका एस. जानकी के निधन पर जताया दुख