तारजू आतंकी हमलाः कश्मीर SIA की बड़ी कामयाबी, हिज्बुल के आतंकी इम्तियाज अहमद कंडू के खिलाफ जारी कराया रेड कॉर्नर नोटिस

तारजू आतंकी हमलाः कश्मीर SIA की बड़ी कामयाबी, हिज्बुल के आतंकी इम्तियाज अहमद कंडू के खिलाफ जारी कराया रेड कॉर्नर नोटिस


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

  • कंडू पाकिस्तान में छिपा, कई अन्य मामलों में वांछित।

पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादियों के खिलाफ अपनी लड़ाई में स्टेट इंवेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) कश्मीर को एक बड़ी कामयाबी मिली है. एजेंसी ने सोपोर के तारजू में 2013 में हुए आतंकी हमले के सिलसिले में हिज्बुल मुजाहिदीन के घोषित आतंकवादी इम्तियाज अहमद कंडू उर्फ फयाज उर्फ सज्जाद के खिलाफ इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस (RCN) जारी करवाया है.

RCN जारी होना आतंकी को पकड़ने की प्रक्रिया में बड़ी कामयाबी- SIA

इस संबंध में SIA के प्रवक्ता ने कहा, ‘RCN जारी होना एजेंसी की आतंकवाद-विरोधी कोशिशों में एक बड़ी कामयाबी है. इससे अंतरराष्ट्रीय कानून लागू करने वाली एजेंसियों को आरोपी का पता लगाने, उसे हिरासत में लेने और उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू करने में मदद मिलेगी.’

अप्रैल 2013 में सोपोर में हुआ था आतंकवदी हमला

यह मामला 26 अप्रैल, 2013 का है, जो सोपोर के ह्यगाम इलाके के पीर मोहल्ला में हुए हमले से जुड़ा है, जहां ऑटोमैटिक हथियारों से लैस आतंकवादियों ने पुलिस पर हमला किया था. इस हमले में जम्मू-कश्मीर पुलिस के चार जवान शहीद हो गए थे.

यह मामला शुरू में तारजू पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था और बाद में आगे की जांच के लिए 2024 में SIA कश्मीर को सौंप दिया गया. बारीकी से जांच करने के बाद, SIA ने हमले के लिए जिम्मेदार और अभी भी जीवित बचे आतंकवादी का पाकिस्तान में पता लगाया है.

6 में से दो आरोपी मुठभेड़ में मारे गए, तीन पर चल रही कार्रवाई

विस्तृत जांच के बाद, SIA कश्मीर ने जुलाई 2024 में सक्षम अदालत के सामने छह आरोपियों के खिलाफ़ एक विस्तृत चार्जशीट दाखिल की. जांच के दौरान दो आरोपी – कलामाबाद, हंदवाड़ा का तारिक अहमद मीर और बटापोरा, सोपोर का कयूम नजर – सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए. जबकि तीन अन्य – सोपोर के जावेद अहमद मट्टू, सोपोर के ही रऊफ नजर और श्रीनगर के दलाल मोहल्ला के रहने वाले अहमदुल्लाह मल्ला – को गिरफ्तार किया गया है और उन पर मुकदमा चल रहा है. 

फरार छठे आतंकवादी की तलाश जारी

वहीं, आतंकवादी हमले का छठा आरोपी सोपोर के क्रालटंग का रहने वाला इम्तियाज अहमद कंडू फरार है और माना जाता है कि वह पाकिस्तान भाग गया है. कंडू 2010 से HM (हिज्बुल मुजाहिदीन) का सक्रिय कमांडर रहा है और अक्टूबर 2022 में भारत सरकार ने उसे ‘घोषित व्यक्तिगत आतंकवादी’ के तौर पर अधिसूचित किया था.

10 से ज्यादा मामलों में वांटेड है कंडू

जांचकर्ताओं ने बताया कि कंडू ने ह्यगाम हमले में मुख्य भूमिका निभाई थी. वह कम से कम 10 अन्य आतंकी मामलों में भी वांटेड है, जिनमें हमले, टारगेटेड किलिंग (जिसमें 15 से ज़्यादा लोग मारे गए), हथियारों की तस्करी और नार्को-टेरर फाइनेंसिंग शामिल हैं.

SIA कश्मीर ने कहा कि रेड कॉर्नर नोटिस अलग-अलग अधिकार-क्षेत्रों में भगोड़ों का पीछा करने और यह सुनिश्चित करने के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि आतंकवाद के दोषियों को कानूनी और अंतरराष्ट्रीय तंत्र के जरिए जवाबदेह ठहराया जाए. 

यह भी पढ़ेंः ‘साझा चुनौतियों के समाधान सामूहिक प्रयास से ही संभव’, BRICS ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर्स की बैठक में बोले नितिन गडकरी