Rajesh Sharma hospitalized in critical condition after poisonous insect bite on film shooting set

Rajesh Sharma hospitalized in critical condition after poisonous insect bite on film shooting set


Rajesh Sharma Hospitalised: अभिनेता राजेश शर्मा को लेकर एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। दरअसल, सेट पर एक कीड़े के काटने के बाद उनकी हालत इतनी खराब हो गई कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। राजेश शर्मा प्रभास की आने वाली फिल्म की शूटिंग कर रहे थे।

Rajesh Sharma

एक्टर सुदीपा चटर्जी ने उनके परिवार की ओर से सोशल मीडिया पर उनकी सेहत के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तबीयत बिगड़ने के बाद राजेश शर्मा को पश्चिम बंगाल के ढाकुरिया के एक अस्पताल में निगरानी में रखा गया है।

सुदीपा ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “मशहूर एक्टर प्रभास की फिल्म की शूटिंग के दौरान रामोजी फिल्म सिटी में एक्टर राजेश शर्मा को किसी कीड़े या जहरीले मकड़ी ने काट लिया। शूटिंग खत्म होने के बाद, राजेश घनी झाड़ियों वाले इलाके में लोकल टेक्नीशियनों से बात कर रहे थे, तभी उन्हें किसी कीड़े के काटने का एहसास हुआ। उस समय यह बात गंभीर नहीं लगी, इसलिए उन्होंने तुरंत मेडिकल मदद नहीं ली और अपना काम जारी रखा। लेकिन छह घंटे बाद, एक्टर के दाहिने पैर में तेज दर्द होने लगा और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।”

उन्होंने आगे बताया, “हालत खराब होने के बावजूद, वे कोलकाता लौटने वाली फ्लाइट में सवार हो गए। यात्रा के दौरान उन्हें तेज बुखार आ गया, वे बहुत बेचैन हो गए और उनकी तबीयत और भी खराब हो गई। अगले दिन उन्हें ढाकुरिया के मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें अस्पताल में भर्ती हुए एक दिन से ज्यादा हो चुका है, लेकिन उन्हें अभी भी तेज बुखार है, सांस लेने में तकलीफ हो रही है और उनके दाहिने पैर में इन्फेक्शन बढ़ रहा है। इंफेक्शन उनके पैर की उंगलियों से घुटने तक फैल गया है और प्रभावित हिस्से पर बड़े-बड़े छाले पड़ गए हैं।”

पोस्ट में आगे जानकारी दी कि “डॉ. अविजित भट्टाचार्य के अनुसार, ‘अभी किसी पक्के नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। राजेश अभी भी कड़ी निगरानी में हैं और खतरे से बाहर नहीं हैं। डॉक्टर उन पर बारीकी से नजर रख रहे हैं, क्योंकि चिंता है कि जटिलताओं के कारण ब्लड क्लॉट बन सकता है और अगर यह फेफड़ों तक पहुंच जाए, तो जानलेवा हो सकता है। अस्पताल की टीम जांच और इलाज कर रही है और गुरुवार को आधिकारिक जांच के बाद इस बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है। हम सभी के प्यार, दुआओं और सहयोग के लिए दिल से शुक्रिया अदा करते हैं – खासकर मीडिया, बंगाल मोशन पिक्चर्स आर्टिस्ट्स फोरम, राजेश के दोस्तों और शुभचिंतकों का, और सबसे बढ़कर, श्री प्रसेनजीत चटर्जी का, जो इस मुश्किल समय में लगातार हमारा मार्गदर्शन और सहयोग करते रहे हैं। राजेश शर्मा की मां और पूरे परिवार की ओर से, हम उन सभी का दिल से आभार व्यक्त करते हैं जो हमारे साथ खड़े रहे।”