आप E20 पेट्रोल भरवाते हैं तो आपका इंश्योरेंस ही रद्द हो जाएगा? सरकार ने जारी किया बयान, जानें क्या कहा

आप E20 पेट्रोल भरवाते हैं तो आपका इंश्योरेंस ही रद्द हो जाएगा? सरकार ने जारी किया बयान, जानें क्या कहा


क्या आपकी गाड़ी में E20 पेट्रोल डलवाने से मोटर इंश्योरेंस क्लेम खारिज हो सकता है? पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर ऐसे ही दावे तेजी से वायरल हो रहे हैं. कई पोस्ट्स में कहा जा रहा है कि अगर वाहन मालिक E20 ईंधन का इस्तेमाल करते हैं और बाद में किसी दुर्घटना की स्थिति में बीमा दावा करते हैं तो इंश्योरेंस कंपनियां क्लेम देने से इनकार कर सकती हैं.

इन वायरल पोस्ट्स ने लाखों वाहन मालिकों के बीच भ्रम और चिंता पैदा कर दी है. खासकर ऐसे समय में जब देशभर में चरणबद्ध तरीके से E20 ईंधन को बढ़ावा दिया जा रहा है और कई वाहन निर्माता E20-संगत वाहनों की बिक्री कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने दावा किया कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से वाहन की वारंटी और बीमा दोनों पर असर पड़ सकता है. इसी वजह से कई लोग यह सवाल पूछने लगे कि क्या E20 ईंधन का इस्तेमाल वित्तीय जोखिम बन सकता है. हालांकि, जब इस दावे की पड़ताल की गई तो तस्वीर बिल्कुल अलग निकली.

फैक्ट चेक: क्या सच में E20 ईंधन से इंश्योरेंस क्लेम रद्द हो सकता है?

भारत सरकार की आधिकारिक फैक्ट-चेकिंग एजेंसी, PIB Fact Check ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस दावे को पूरी तरह फर्जी बताया है. पीआईबी फैक्ट चेक ने स्पष्ट कहा है कि E20 ईंधन के उपयोग से मोटर इंश्योरेंस पॉलिसी अमान्य नहीं होती और न ही केवल E20 पेट्रोल इस्तेमाल करने के आधार पर बीमा दावा खारिज किया जाता है. 

ये भी पढ़ें: सरकार का बड़ा फैसला, डीजल पर 14 और ATF पर बढ़ाई 12.5 रुपये लीटर एक्सपोर्ट ड्यूटी, आप पर क्या होगा असर?

PIB ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा: “E20 ईंधन के उपयोग से वाहन बीमा पॉलिसियां वैध बनी रहती हैं.” यानी सोशल मीडिया पर किया जा रहा यह दावा कि E20 पेट्रोल भरवाने से इंश्योरेंस क्लेम रिजेक्ट हो जाएगा, पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन है.

पीआईबी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वायरल दावे पर भरोसा करने से पहले उसकी पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से करें. साथ ही संदिग्ध और भ्रामक सामग्री की सूचना प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) फैक्ट चेक को देने के लिए भी कहा गया है. सरकार की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि वाहन मालिकों को सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अपुष्ट जानकारियों से सावधान रहने और केवल आधिकारिक सरकारी या बीमा कंपनी के स्रोतों पर ही भरोसा करने की सलाह दी जाती है.

निष्कर्ष
दावा: E20 पेट्रोल इस्तेमाल करने पर वाहन बीमा क्लेम खारिज हो सकता है.
सच्चाई: दावा फर्जी है। E20 ईंधन के उपयोग से मोटर इंश्योरेंस पॉलिसी प्रभावित नहीं होती और बीमा कवरेज जारी रहता है.

ये भी पढ़ें: होर्मुज खुलते ही भारत को होंगे ये 10 बड़े फायदे, गिरेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम! चीन-पाकिस्तान को लगेगा झटका!