टीएमसी में टूट और NDA को 20 सांसदों के समर्थन पर कीर्ति आजाद का बड़ा दावा, कहा- बीजेपी की…

टीएमसी में टूट और NDA को 20 सांसदों के समर्थन पर कीर्ति आजाद का बड़ा दावा, कहा- बीजेपी की…


टीएमसी के भीतर उठा सियासी घमासान अब दिल्ली पहुंच चुका है. पार्टी के 20 सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को चिट्ठी लिखकर एनडीए में शामिल होने की इच्छा जताई है. टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद ने इसे बीजेपी की ओर से फैलाई गई झूठी कहानी करार दिया है. उन्होंने कहा, ‘बीजेपी के डर्टी ट्रिक्स डिपार्टमेंट की यह फर्जी और मनगढ़ंत कहानी कि 20 सांसद मौजूद थे, पूरी तरह गलत है. भूपेंद्र यादव के घर पर हुई बैठक में केवल 13 सांसद शामिल हुए थे, जिनमें 12 लोकसभा से और 1 राज्यसभा से थे.’

बागी सांसदों को लेकर कीर्ति आजाद का बड़ा दावा

कीर्ति आजाद ने दावा किया कि इसके अलावा किसी और ने भी किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं. न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, काकोली दस्तीदार ने कहा कि उनके समेत 20 सांसदों ने बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को समर्थन देने का फैसला किया है. इससे पहले पार्टी में टूट की अटकलों के बीच सुखेंदु रॉय और काकोली दस्तीदार के नेतृत्व में टीएमसी के 16 सांसदों ने पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की थी.

विधायकों के बाद अब सांसद हो रहे बागी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद पार्टी पर ममता बनर्जी का निंयत्रण और कमजोर हो गया है. पहले 80 विधायकों में से 58 ने पार्टी आला कमान के अनुभवी नेता शोभनदेब चट्टोपाध्याय को विपक्ष का नेता नियुक्त करने के फैसले को सिरे से खारिज कर दिया और निष्कासित विधायक रिताब्रता बनर्जी को उस पद पर नामित कर दिया. अब टीएमसी के सांसदों में टूट की खबरें सामने आ रही है.

काकोली पार्टी की चीफ व्हिप: सूत्र

सूत्रों के मुताबिक, बागी सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष कहा कि उनका मत है कि काकोली सदन में पार्टी की वैध चीफ व्हिप हैं और पार्टी नेतृत्व द्वारा घोषित कोई भी बाद के बदलाव आवश्यक संसदीय प्रक्रिया के माध्यम से पूरे नहीं किए गए थे. काकोली ने दावा किया कि वह लोकसभा में पार्टी की मुख्य सचेतक बनी हुई हैं और कहा कि यह निर्णय साथी सांसदों के बीच परामर्श के बाद लिया गया था.  उन्होंने कहा, ‘हमने जनता के फैसले को स्वीकार कर लिया है और हमारा मानना ​​है कि हमारा भविष्य का राजनीतिक मार्ग राजग के अनुरूप होना चाहिए.’

ये भी पढ़ें : ममता बनर्जी को बड़ा झटका, TMC के 20 सांसदों की लोकसभा स्पीकर को चिट्ठी, एनडीए को किया समर्थन