दिल्ली एयरपोर्ट पर इंडिगो की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, विशाखापट्टनम से आ रहा था विमान


दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार (28 मार्च) सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब इंडिगो की फ्लाइट 6E 579 ने फुल इमरजेंसी घोषित कर दी. विशाखापट्टनम (VTZ) से दिल्ली (DEL) आ रहे इस बोइंग 737-800 विमान का एक इंजन फेल हो गया था. हालांकि पायलट की सूझबूझ और एयरपोर्ट प्रशासन की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया.

विमान का इंजन फेल होने के कारण रनवे 28 पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई. सुबह 10:39 बजे विमान ने फुल इमरजेंसी डिक्लेयर की. उस वक्त विमान में कुल 161 लोग सवार थे और ETA  यानी लैंडिंग का अनुमानित समय 10:52 AM था. विमान में करीब 6.4 घंटे का फ्यूल मौजूद था, यानी ईंधन की कोई कमी नहीं थी. 

एम्बुलेंस और मेडिकल टीमें स्टैंडबाय 
लैंडिंग के वक्त रनवे पर दमकल की गाड़ियां और एम्बुलेंस तैनात थीं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके. फुल इमरजेंसी डिक्लेयर होते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर क्रैश फायर रेस्क्यू गाड़ियां रनवे के किनारे तैनात की गईं. एम्बुलेंस और मेडिकल टीमें भी स्टैंडबाय पर रखी गईं. विमान में किसी तरह का डेंजरस गुड्स नहीं था जो बड़ी राहत की वजह थी.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फ्लाइट में टेक्निकल फाल्ट होने की वजह से कॉल हुई थी. सभी एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया था. इंडिगो की तकनीकी टीम अब विमान की सघन जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि खराबी कितनी गंभीर थी.

खतरनाक सिंगल इंजन लैंडिंग 
बोइंग 737-800 एक twin-engine विमान है. पायलट सिंगल इंजन पर विमान को उतार कर लाए. इसकी ट्रेनिंग हर कमर्शियल पायलट को दी जाती है लेकिन यह प्रक्रिया बेहद संवेदनशील होती है और इसीलिए ऐसी स्थिति में फुल इमरजेंसी प्रोटोकॉल एक्टिवेट किया जाता है. सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित बताए जा रहे हैं. 

इंडिगो की घटना पर डीजीसीए का बयान
इंडिगो के वेट लीज पर लिए गए बी737-800 विमान (टीसीसीओएन) की उड़ान 6ई-579 (विशाखापत्तनम-दिल्ली) में शनिवार को अनियंत्रित रूप से नंबर 1 इंजन में खराबी आ गई. तेज कंपन के बाद नंबर 1 इंजन फेल हो गया. विमान में सीएफएम-56 इंजन लगा है. आपातकाल घोषित किया गया और विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की. विमान को निरीक्षण और सुधार के लिए ग्राउंडेड कर दिया गया है. डीएएस (एनआर) द्वारा आगे की जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें

Noida International Airport: लाखों यात्रियों को संभालने की क्षमता और जबरदस्त कनेक्टिविटी… नोएडा एयरपोर्ट पर क्या-क्या होगा खास?