‘मिडिल ईस्ट में जंग से भारत को होगा नुकसान’, राहुल गांधी की चेतावनी, US ट्रेड डील पर सरकार को घेरा

‘मिडिल ईस्ट में जंग से भारत को होगा नुकसान’, राहुल गांधी की चेतावनी, US ट्रेड डील पर सरकार को घेरा


यूएस, इजरायल और ईरान के बीच छिड़ा युद्ध केवल मिडिल ईस्ट तक सीमित नहीं रह गया है बल्कि व्यापार और ऊर्जा सुरक्षा जैसे भू-राजनीतिक मोर्चों के चलते भारत के लिए भी कूटनीतिक और आर्थिक तौर पर गंभीर चुनौती बना है. कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार की नीति पर कड़े सवाल उठाए हैं.

सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस सांसद और लोकसभा विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, ‘पश्चिम एशिया में जो हो रहा है उससे भारतीय अर्थव्यवस्था को जबरदस्त आर्थिक नुकसान होने वाला है.’ उन्होंने भारतीय शेयर बाजार में आई गिरावट को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा,  ‘स्टॉक मार्केट में आपने देखा है कि किस तरीके से गिरावट देखने को मिल रही है.’ भारत और यूएस के बीच बीते महीने हुई ट्रेड डील को लेकर भी राहुल गांधी ने सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा, ‘देश को जबरदस्त चोट लगने वाली है.’

सदन में चर्चा की मांग

राहुल गांधी ने न्यूज एजेंसी IANS से बातचीत में करते हुए इन मुद्दों पर संसद में चर्चा करने की मांग की. उन्होंने कहा, ‘हमारी केवल एक मांग है कि इन सब मुद्दों पर सदन में चर्चा होनी चाहिए लेकिन सरकार ऐसा नहीं करना चाहती है. उन्होंने कहा, पश्चिमी एशिया के जो हालात हैं, क्या वह जरूरी मुद्दा नहीं हैं. फ्यूल की कीमतें, अर्थव्यवस्था पर असर जनता से जुड़े मुद्दे हैं, जिन पर हम चर्चा चाहते हैं, लेकिन वह इस पर चर्चा नहीं करना चाहते हैं, क्योंकि इससे दूसरी बातें बाहर निकलेंगी. एक तरह से यह सोच को बदलने की लड़ाई है.’

लोकसभा की कार्यवाही स्थगित

विपक्ष ने पश्चिमी एशिया की स्थिति को लेकर संसद में चर्चा करने की मांग करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया. जिससे बीच सोमवार की लोकसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई. इससे पहले, इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने संसद के मकर द्वार पर पश्चिम एशिया संघर्ष को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खर्गे भी संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन करने वाले सांसदों में शामिल थे.