2 करोड़ के लिए पत्नी बनी कातिल, प्रेमी संग मिलकर कराई पूर्व सैनिक पति की हत्या, 9 आरोपी गिरफ्तार

2 करोड़ के लिए पत्नी बनी कातिल, प्रेमी संग मिलकर कराई पूर्व सैनिक पति की हत्या, 9 आरोपी गिरफ्तार


कर्नाटक के बेलगावी जिले में 2 करोड़ रुपये के इंश्योरेंस क्लेम के लिए एक पूर्व सैनिक की हत्या कर उसे प्राकृतिक मौत का रूप देने की सनसनीखेज साजिश का खुलासा हुआ है. इस मामले में बेलगावी पुलिस ने मृतक की पत्नी, FSL अधिकारी और पुलिस कर्मचारी समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया है.

जिला पुलिस अधीक्षक के. रामराजन के अनुसार, हुक्केरी तालुका के घोदगेरी गांव निवासी 46 वर्षीय पूर्व सैनिक संदीप कलागौडा मंजरगी की हत्या कथित तौर पर बीमा राशि हासिल करने के लिए की गई. 13 मार्च को बाइक से गिरकर मामूली रूप से घायल हुए संदीप को पहले सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी चोटें गंभीर नहीं पाई गईं. बाद में उनकी पत्नी सुमा उन्हें घटाप्रभा के JJ अस्पताल ले गईं, जहां 15 मार्च को उनकी मौत हो गई. शुरुआती रिपोर्ट में मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया गया था.

करीब दो महीने तक मामला दबा रहा, लेकिन तब मोड़ आया जब सुमा और उसके कथित प्रेमी पुंडलिक विट्ठल डोम्बर के बीच पैसों को लेकर विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर डोम्बर ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दावा किया कि संदीप की हत्या की गई थी और उसे पूरी साजिश की जानकारी है. पुलिस जांच में सामने आया कि सेना से रिटायरमेंट के बाद संदीप ने डोम्बर के साथ एक फूड स्टॉल शुरू किया था. इसी दौरान डोम्बर और संदीप की पत्नी सुमा के बीच कथित संबंध बने. जांचकर्ताओं का आरोप है कि दोनों ने बीमा राशि पाने के लिए संदीप को रास्ते से हटाने की साजिश रची.

कैसे की गई पूर्व सैनिक की हत्या
जांच के अनुसार JJ अस्पताल के कर्मचारी राहुल हनुमंत जोगी ने संदीप को अस्पताल लाने की सलाह दी और कथित तौर पर साजिश में अहम भूमिका निभाई. पुलिस का दावा है कि 14 मार्च को संदीप को नस के जरिए चूहे मारने का जहर देने की कोशिश की गई, जो नाकाम रही. अगले दिन दूसरा जहर इंजेक्शन के जरिए दिया गया और नींद की गोलियां भी खिलाई गईं, जिसके बाद उनकी मौत हो गई.

फोरेंसिक रिपोर्ट प्रभावित करने की कोशिश
डोम्बर के खुलासे के बाद पुलिस ने शव को कब्र से निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम कराया. जांच में यह भी सामने आया कि सुमा की रिटायर्ड हेल्थ वर्कर मां ने मेडिकल प्रैक्टिशनर बसवराज भस्मे की मदद ली. इसके बाद कथित तौर पर पुलिस कर्मचारी अशोक गुजनाल और FSL कर्मचारी अप्पासाब नाइकवाड़ी के जरिए फोरेंसिक रिपोर्ट प्रभावित करने की कोशिश की गई.

किस-किस को थी हत्या की जानकारी
पुलिस के अनुसार, FSL के लैब असिस्टेंट चन्नप्पा अदाविसवामीमथ और सीनियर साइंटिफिक ऑफिसर पी. एम. नागराजू ने भी कथित तौर पर जहर देने के सबूत छिपाने के लिए रिपोर्ट में बदलाव किया. जांच में यह भी खुलासा हुआ कि यूट्यूबर सचिन सेलार और कुछ अन्य लोगों को हत्या की जानकारी थी. आरोप है कि उन्होंने सुमा से चुप्पी साधने के बदले पैसे और अन्य लाभ मांगने की कोशिश की. पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में शामिल सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. 

ये भी पढ़ें 

IAF Plane Crash: ‘अगर मेरा एक और भाई हो तो मैं…’, आपको रुला देगी शरीद पायल की बहन की ये बात