- यह बैठक 19 जुलाई को संसद भवन में होगी।
संसद के मानसून सत्र की शुरुआत सोमवार (20 जुलाई, 2026) से होने वाली है. केंद्र सरकार ने सत्र की शुरुआत से एक दिन पहले रविवार (19 जुलाई, 2026) को लोकसभा और राज्यसभा में सभी राजनीतिक पार्टियों के फ्लोर लीडर्स की बैठक बुलाई है. सरकार ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) को छोड़कर नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में शामिल होने वाले 20 सांसदों को भी बैठक में शामिल होने के लिए न्योता दिया है.
सुदीप बंद्योपाध्याय को लिखे पत्र में क्या बोले रीजीजू?
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार (18 जुलाई, 2026) को तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बागी सांसदों के गुट के नेता सुदीप बंद्योपाध्याय के नाम एक पत्र भेजा है. पत्र में केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘सुदीप बंद्योपाध्याय जी, हाल ही में आप 19 अन्य सांसदों के साथ नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में शामिल हुए हैं और आपने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला जी से अपनी पार्टी को मान्यता देने का अनुरोध भी किया है, जो इस वक्त उनके विचाराधीन है.’
उन्होंने कहा, ‘मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मैं आपको लोकसभा और राज्यसभा में राजनीतिक दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहा हूं. इस बैठक का मुख्य उद्देश्य संसद के आगामी मानसून सत्र के दौरान दोनों सदनों के सामने आने वाले महत्वपूर्ण मुद्दों और संभावित संसदीय विषयों पर चर्चा करना है.’
काकोली दास दस्तीदार का नाम लेकर केंद्रीय मंत्री ने दिया आमंत्रण
केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा, ‘मैं संसद के दोनों सदनों के सुचारु रूप से संचालन के लिए आपके सहयोग चाहता हूं. यह बैठक रविवार (19 जुलाई, 2026) को सुबह 11 बजे नई दिल्ली स्थित संसद भवन एनेक्सी के मेन कमिटी रूप में आयोजित की जाएगी.’
उन्होंने कहा, ‘मैं इस महत्वपूर्ण बैठक में आपसे भाग लेने की अपेक्षा रखता हूं. इसके साथ ही, आपकी पार्टी की नॉमिनेटेड चीफ व्हीप डॉ. काकोली दास दस्तीदार से भी अनुरोध करता हूं कि वो भी इस बैठक में भाग लें.’
यह भी पढ़ेंः सोनम वांगचुक के सपोर्ट में उतरे अन्ना हजारे, सरकार को दी नसीहत, बोले- ‘सब्र की परीक्षा न लें वरना…’



