पहले पीएम मोदी की तारीफ, फिर बागी सांसद और ममता पर बड़ा बयान… आखिर किस रणनीति पर शत्रुघ्न सिन्हा

पहले पीएम मोदी की तारीफ, फिर बागी सांसद और ममता पर बड़ा बयान… आखिर किस रणनीति पर शत्रुघ्न सिन्हा


भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर तृणमूल कांग्रेस के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की है. ये सब ऐसे समय में हो रहा है जब टीएमसी के 19 बागी सांसदों की लिस्ट सामने आई है, जिसमें शत्रुघ्न सिन्हा का नाम भी शामिल है. उन्होंने एक्स पर पीएम मोदी के साथ तस्वीर शेयर कर लिखा, ‘सच्चे खेल भावना के साथ हमारे मित्र, देश और समाज के मार्गदर्शक, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को कार्यालय में 12 साल पूरे करने पर हार्दिक शुभकामनाएं. यह शायद अब तक का सबसे लंबा कार्यकाल है. हम आपके लंबे, स्वस्थ और समृद्ध जीवन की कामना करते हैं. जय हिंद!’

दीदी का साथ कभी नहीं छोड़ूंगा: शत्रुघ्न सिन्हा 

हालांकि उन्होंने ममता बनर्जी के प्रति अपनी निष्ठा बरकरार रखते हुए कहा, ‘मैं दीदी का साथ कभी नहीं छोड़ूंगा.’ उन्होंने सांसद काकोली घोष दस्तीदार के नेतृत्व वाले बागी गुट में होने से साफ इनकार कर दिया. उन्होंने कहा, ‘मेरे बारे में बहुत कुछ कहा गया है. कुछ लोग कह रहे हैं कि मैं बागी गुट का हिस्सा हूं. यह सब सच नहीं है.” उन्होंने जोर देकर कहा कि वह ममता बनर्जी का कभी साथ नहीं छोड़ेंगे.’

मुश्किल समय में दीदी थीं साथ: शत्रुघ्न सिन्हा 

शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, ‘मुश्किल समय में ममता बनर्जी मेरे साथ खड़ी रहीं. मैं भी कठिन समय में उनके साथ खड़ा रहूंगा. टीएमसी चीफ ममता बनराजी के कहने पर आसनसोल से लोकसभा चुनाव लड़ा था. मैं दीदी का साथ कभी नहीं छोड़ूंगा.’ शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत भाजपा से की थी। बीजेपी के एक प्रमुख नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री के रूप में दशकों तक सेवा करने के बाद उन्होंने पार्टी को अलविदा कर दिया था.

शत्रुघ्न सिन्हा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में पटना साहिब से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए. 2022 में, उन्होंने ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस में शामिल होकर आसनसोल लोकसभा उपचुनाव में जीत हासिल की. 2024 में भी उन्होंने टीएमसी उम्मीदवार के रूप में आसनसोल सीट बरकरार रखी.

ये भी पढ़ें : क्या टीएमसी का कांग्रेस में होने जा रहा विलय? घंटों की बैठक के बाद हुआ ये बड़ा फैसला