‘छापा डलवा दूंगा अगर…’, सुनंदा पुष्कर को लेकर कॉल पर भिड़ गए थे शशि थरूर? ललित मोदी ने हॉट टॉक की बताई स्टोरी

‘छापा डलवा दूंगा अगर…’, सुनंदा पुष्कर को लेकर कॉल पर भिड़ गए थे शशि थरूर? ललित मोदी ने हॉट टॉक की बताई स्टोरी


आईपीएल के पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी ने साल 2010 के आईपीएल फ्रेंचाइजी कोच्चि टस्कर्स स्कैंडल को लेकर 16 साल बाद ऐसे सनसनीखेज दावे किए कि हंगामा मच गया. एक इंटरव्यू में उन्होंने कांग्रेस सांसद शशि थरूर पर गंभीर आरोप लगाते हुए बड़ा दावा किया.

ललित मोदी ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत के दौरान दावा किया है कि साल 2010 में कोच्चि विवाद के दौरान उनके पास कांग्रेस सांसद शशि थरूर का फोन आया था और उन्होंने अपनी दिवंगत पत्नी सुनंदा पुष्कर के बारे में सवाल न उठाने की धमकी दी थी. यह तब हुआ जब ललित ने पुष्कर से जुड़े एक कथित धोखाधड़ी वाले इक्विटी ढांचे को लेकर कोच्चि कंसोर्टियम की इंट्री को रोकने का प्रयास किया था.

आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ने दावा किया कि उस दौरान बेंगलुरु में देर रात हुई एक मीटिंग के दौरान विवाद और बढ़ गया था, जहां उन्होंने सीक्रेट शेयरहोल्डर की पहचान को सार्वजनिक करने तक आधिकारिक फ्रेंचाइजी समझौते पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया. उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे पता ही नहीं था कि सुनंदा पुष्कर कौन हैं, मैंने कंसोर्टियम के सदस्यों से पूछा ‘वह कौन हैं?’ एक व्यक्ति ने कहा कि वह एक ऑटोमोबाइल डीलर की बेटी हैं, एक मशहूर मार्केटिंग पर्सन हैं. मैंने कहा, ‘अरे, मैं भारत में एक मार्केटिंग पर्सन हूं और मैं उन्हें नहीं जानता.’

उनके मुताबिक, विवाद इसलिए शुरू हुआ क्यों कि उन्होंने कोच्चि कंसोर्टियम की ओर से पेश किए गए वित्तीय मॉडल को पक्षपातपूर्ण बताते हुए नजरअंदाज करने से इनकार कर दिया था. उनके मुताबिक ग्रुप ने 350 मिलियन डॉलर की भारी बोली लगाकर टीम को तो हासिल कर लिया लेकिन इसका फाइनेंशियल मॉडल पूरी तरह संदिग्ध था. उनके मुताबिक मीटिंग में सभी शेयरधारक मौजूद थे, सिवाय उस महिला, सुनंदा पुष्कर के. उन्होंने सवाल उठाए कि आप सुनंदा पुष्कर नाम की एक महिला को 25% शेयर दे रहे हैं वह कौन हैं?’

ललित ने कहा, ‘मुझे शशि थरूर का फोन आया. उन्होंने कहा, ‘ललित, सुनंदा पुष्कर के बारे में मत पूछो. वह मेरी अच्छी दोस्त हैं.’ मैंने पूछा क्यों? तो उन्होंने कहा, ‘अगर तुमने ऐसा किया, तो मैं सुबह तुम्हारे घर पर छापा मरवा दूंगा.’ मैंने कहा, ‘भाड़ में जाओ. तुम खुद को क्या समझते हो? तुम भारत के विदेश मंत्री हो सकते हो, लेकिन मुझे यह बताने की हिम्मत मत करना.’ मैंने फोन पटक दिया और कहा कि मैं साइन नहीं करूंगा.’

यह भी पढ़ें – ‘सोनिया गांधी शशि थरूर को…’, ललित मोदी ने किया सनसनीखेज दावा, बताया 16 साल पुराना सीक्रेट!